83 ग्राम पंचायतों में तेज हुआ सफाई अभियान, संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष फोकस
करहां (मऊ) : वर्षा ऋतु में संचारी रोगों की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना में 1 से 31 जुलाई तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विकासखंड की सभी 83 ग्राम पंचायतों में न्याय पंचायतवार सफाई कर्मियों की टीमें युद्धस्तर पर साफ-सफाई में जुटी हुई हैं।
मंगलवार को करहां न्याय पंचायत के जमुई गांव में पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय, सार्वजनिक मार्गों, नालियों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई। सफाई कर्मियों ने झाड़-झंखाड़ एवं घास-फूस हटाने के साथ जलभराव वाले स्थानों की सफाई कर पानी निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त की।
अभियान की निगरानी कर रहे सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाले संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी ग्राम पंचायतों में नियमित सफाई के साथ चुना, ब्लीचिंग पाउडर तथा एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। जहां जलभराव की समस्या है, वहां पानी की निकासी सुनिश्चित कर मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, खेल मैदानों तथा अन्य सार्वजनिक परिसरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को स्वच्छ, सुरक्षित और संक्रमणमुक्त बनाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों के खतरे से बचाना है। पूरे जुलाई माह तक विकासखंड की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान लगातार संचालित किया जाएगा


Post a Comment