मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण की तैयारियों को दिया अंतिम रुप, 30 जुलाई से शुरु होगा पांच दिवसीय प्रशिक्षण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना शिक्षा क्षेत्र सहित जिले भर के प्रशिक्षु शिक्षकों हेतु जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मऊ में गुरुवार से शुरु होने वाले पांच दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षण की रुपरेखा, संचालन व्यवस्था, प्रतिभागियों की जिम्मेदारियां तथा प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रशिक्षण को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में डॉ. संदीप राय, डॉ. कुलदीप कुमार, डॉ. अजीत कुमार धूसिया, अरविंद कुमार यादव, एसआरजी अरविंद पांडेय, एसआरजी संजय कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि डायट मऊ में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) तथा उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में लागू एनसीईआरटी की नई पुस्तकों पर आधारित पांच दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को बुनियादी भाषा एवं गणित के प्रभावी, बाल-केंद्रित शिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप नई पाठ्यपुस्तकों के सफल क्रियान्वयन के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण में राज्य स्तर पर प्रशिक्षित विशेषज्ञ जनपद के प्रत्येक विकासखंड से पांच-पांच प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद ये प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अपने-अपने विकासखंडों में प्रधानाध्यापकों, सहायक अध्यापकों, अनुदेशकों तथा शिक्षामित्रों को चरणबद्ध तरीके से पांच-पांच दिवसीय प्रशिक्षण देंगे, जिससे विद्यालयों में नई शिक्षण पद्धति और एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment