16वें वित्त आयोग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सचिवों व सहायकों को मिला प्रशिक्षण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड सभागार में मंगलवार को ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य 16वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अधिक प्रभावी, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से तैयार करने के लिए प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत संसाधन केंद्र (डीपीआरसी), आजमगढ़ के तत्वावधान में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा एवं सहायक खंड विकास अधिकारी (पंचायत) आदित्य सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राज्य प्रशिक्षक संजय कुमार मिश्रा, रमेश चंद्र सिंह तथा मास्टर ट्रेनर ममता वर्मा और अमित राय ने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पीएआई) के आधार पर विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का चयन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, समावेशी पंचायत विकास, सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा 16वें वित्त आयोग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षकों ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना तभी सफल होगी जब उसका निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं और जनभागीदारी को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने पंचायत सचिवों और पंचायत सहायकों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण योजना निर्माण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण में विकासखंड के सभी पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक मौजूद रहे।


Post a Comment