पात्रों को समय से मिले आवास योजना का लाभ, सूची का दोबारा करें सत्यापन : बीडीओ

पात्रों को समय से मिले आवास योजना का लाभ, सूची का दोबारा करें सत्यापन : बीडीओ

करहां (मऊ) : विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना के सभागार में गुरुवार को ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 83 ग्राम पंचायतों में से 76 ग्राम प्रधान व प्रधान प्रतिनिधि तथा सभी ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

बीडीओ अरुण कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, वीबीजी रामजी, वृक्षारोपण, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और पंचायत भवनों से जुड़े विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री आवास योजना में विधवा, दिव्यांग और अन्य वंचित पात्र परिवारों को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उन्होंने पात्रता सूची का दोबारा सत्यापन कर छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित करने को कहा।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग लाभार्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र आवश्यक है। वीबीजी रामजी के कार्यों और हाल में कराए गए पौधरोपण की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन की गाइडलाइन के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया। साथ ही पंचायत भवनों के रखरखाव एवं आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।

बैठक में सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष नौशाद अहमद, ग्राम प्रधान धीरेंद्र प्रताप खरवार, चंद्रविजय सिंह, वीरेंद्र कुमार राजभर, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार, जगदीश चौहान, जितेंद्र चौहान, राजकुमार चौहान, हिंदराज, बसंत कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, उमेश कुमार यादव, अलंकार यादव, अशोक कुमार सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान और अधिकारी मौजूद थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post