शादी के एक महीने बाद ही उजड़ा सुहाग, खतरनाक मोड़ पर सड़क हादसे में युवक की मौत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार के तिघरा (जोगियाना) मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय जुबेर अहमद की सोमवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। महज एक महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी। इस हादसे से नवविवाहिता पत्नी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, जबकि पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जुबेर अहमद पुत्र एहसान अहमद किसी आवश्यक कार्य से बाइक से निकले थे। करहा-जहानागंज मार्ग पर स्थित पवित्र गुरादरी धाम के पास खतरनाक मोड़ पर वाहन मोड़ते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और ब्रेन हेमरेज हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता एहसान सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की शादी अभी एक माह पूर्व ही हुई थी। घर में शादी की खुशियां पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुई थीं कि इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। नवविवाहिता पत्नी गहरे सदमे में है।
घटना के बाद जोगियाना (तिघरा) मोहल्ले और करहां बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क पर अत्यंत खतरनाक मोड़ है, लेकिन चालक को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया गया है। लोगों ने प्रशासन से वहां चेतावनी संकेतक लगाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


Post a Comment