करहां मील से शमशाबाद चट्टी व भांटीकला अंडरपास मार्ग गड्ढों में तब्दील

करहां मील से शमशाबाद चट्टी व भांटीकला अंडरपास मार्ग गड्ढों में तब्दील

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां मील से शमशाबाद चट्टी तक और आरएएफ महिला पीजी कॉलेज से भांटीकला अंडरपास तक जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पिछले कई वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

यह मार्ग दो महाविद्यालयों, एक इंटर कॉलेज, दो डिजिटल लाइब्रेरी, एक पब्लिक स्कूल, सहित कई सरकारी व कान्वेंट स्कूलों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ ही 40 से 50 गांवों के लोग करहां बाजार आने-जाने के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यह मार्ग मऊ मुख्यालय और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से जुड़कर गाजीपुर व बलिया को भी जोड़ता है। करहां क्षेत्र का प्रमुख बाजार होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।

स्थानीय लोगों आशीष प्रताप, रामजीत यादव, रामाश्रय सिंह, विनोद विश्वकर्मा, प्रमोद यादव,  कृपानारायण, चंद्रकान्त तिवारी, जशवंत कुमार आदि का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। यह मार्ग मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा और घोसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। लोगों ने विधायक राजेंद्र कुमार और सांसद राजीव राय से सड़क की समस्या को शासन स्तर पर उठाकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post