प्रेमिका से शादी की जिद में दूसरी बार मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, देर रात उतारा गया
करहां (मऊ) : प्रेमिका से शादी करने की जिद में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के गौरपार गांव निवासी एक युवक ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। युवक पहले दोपहर में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस और परिजनों के काफी समझाने पर वह नीचे उतरा, लेकिन रात में दोबारा टावर पर चढ़ गया। करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस उसे रातकरीब दो बजे नीचे उतार सकी।
जानकारी के अनुसार, गौरपार गांव निवासी दीपक गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह क्षेत्र की ही एक युवती से शादी करने की जिद कर रहा था। उसका कहना था कि दोनों परिवार शादी के लिए तैयार नहीं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने करीब एक घंटे तक समझाया, जिसके बाद वह नीचे उतर आया। पुलिस उसे कोतवाली ले गई और समझाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि युवक फिर उसी मोबाइल टावर पर शाम से चढ़ गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने टावर के नीचे घेराबंदी कर युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद वह रात दो बजे नीचे उतरा। पुलिस युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उसका उपचार चल रहा है। परिजनों को उसे घर पर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

Post a Comment