Top News

पीटीएम में अभिभावकों को बताई बच्चों की प्रगति, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

पीटीएम में अभिभावकों को बताई बच्चों की प्रगति, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना क प्राथमिक विद्यालय मालव व नगरीपार में शासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को अभिभावक शिक्षक संवाद अर्थात पीटीएम का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित बड़ी मात्रा में अभिभावकों को उनके बच्चों की प्रगति व उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उनसे प्रतिक्रिया प्राप्त की गई। साथ ही उल्लेखनीय प्रगति करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

प्राथमिक विद्यालय नगरीपार में प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही। बैठक में कायाकल्प, डीबीटी, निपुण भारत मिशन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कक्षाध्यापकों ने निपुण तालिका, निपुण आकलन पंजिका, त्रैमासिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं एवं समग्र प्रगति पत्र के माध्यम से बच्चों की शैक्षिक प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराया तथा उनसे फीडबैक प्राप्त कर संवाद पंजिका में दर्ज किया। त्रैमासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई।

वहीं प्राथमिक विद्यालय मालव में आयोजित पीटीएम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने की। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों की सराहना करते हुए कहा कि अभिभावकों के समर्पण और प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह व उनकी टीम की कार्यकुशलता से विद्यालय ने जनपद ही नहीं, प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन परिषदीय विद्यालय में कराने और शिक्षकों पर विश्वास रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने 56 अभिभावकों से व्यक्तिगत संवाद कर विद्यालय की व्यवस्था और शिक्षण कार्य का फीडबैक लिया। 110 से अधिक उपस्थित अभिभावकों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय परिवार ने बच्चों की गत वर्षों में हुई परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं अभिभावकों को दिखाईं, जिन्हें उन्होंने स्वयं देखकर बच्चों की प्रगति का आकलन किया और संतोष व्यक्त किया।

बैठक के अंत में अभिभावकों को जलपान कराया गया। इस अवसर पर शिक्षक रामकेर राम, उमेश भारती, स्वतंत्र कुमार सिंह, रामकिशोर राम, मनोज कुशवाहा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता, आरती सिंह, शुलमती चौहान सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post