Top News

हिंदी पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों ने किया कविता व कहानी वाचन

हिंदी पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों ने किया कविता व कहानी वाचन

करहां (मऊ) : विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं अभिव्यक्ति-कौशल विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के परिषदीय विद्यालयों में हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने प्राथमिक विद्यालय प्रधानपुर एवं सरयां का सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। प्रधानपुर में विद्यार्थियों से हिंदी दिवस के महत्व पर संवाद किया गया। बच्चों ने कविताओं, कहानियों एवं अन्य रचनाओं का वाचन किया तथा उन्हें शैक्षिक सामग्री वितरित की गई।

प्राथमिक विद्यालय सरयां में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने पाठ्यपुस्तकों से रचनाओं का भावपूर्ण वाचन किया। बच्चों के आग्रह पर एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने जयशंकर प्रसाद की रचना ‘विमल इंदु की विशाल किरणें’ का पाठ किया। एसआरजी ने कहा कि कविता-पाठ, कहानी-वाचन, लेखन एवं संवाद जैसी गतिविधियां बच्चों में पठन-प्रवाह, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित करती हैं।

उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रुप में स्वीकार किया था। इसलिए हिंदी दिवस के पूर्व विभाग द्वारा यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए की जा रही है। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेंद्र राम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post