पीटीएम में अभिभावकों को बताई बच्चों की प्रगति, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगरीपार में शासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को अभिभावक-शिक्षक संवाद (पीटीएम) का आयोजन किया गया। प्रतिकूल मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता की। बैठक में अभिभावकों को उनके बच्चों की शैक्षिक प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई और उनसे फीडबैक भी लिया गया। साथ ही त्रैमासिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
बैठक में कायाकल्प, डीबीटी, निपुण भारत मिशन सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी गई। कक्षाध्यापकों ने निपुण तालिका, निपुण आकलन पंजिका, त्रैमासिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं एवं समग्र प्रगति पत्र के माध्यम से बच्चों की शैक्षिक प्रगति से अभिभावकों को अवगत कराया। अभिभावकों से प्राप्त सुझाव एवं फीडबैक को संवाद पंजिका में दर्ज किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई।






Post a Comment