संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं कार्यकर्ता : रामसरन चौहान
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के खुरहट मंडल की मासिक बैठक गुरुवार को मंडल अध्यक्ष अर्पित उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई। इसमें मंडल कार्यसमिति, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं प्रभारियों तथा बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि मंडल प्रभारी सुनील यादव ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।
रामसरन चौहान ने कहा कि बूथ समितियां संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए इनके सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक बूथ पर पार्टी की गतिविधियों को और मजबूत करने की अपील की। मंडल महामंत्री शिव सिंह एवं कार्तिक पांडेय ने अब तक हुए संगठनात्मक कार्यों की प्रगति से पदाधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाकर बूथ स्तर पर संगठन को और सशक्त करने तथा सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर आरती गुप्ता, दिनेश सिंह, सुभाष चौहान, दिनेश चौहान, रामानंद चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Post a Comment