प्राथमिक विद्यालय मालव में विविध झांकियों संग मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय मालव में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह के नेतृत्व में हर्षोल्लास, भक्ति भाव एवं विविध झांकियों के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें बच्चों ने उत्साह और कौतूहल के साथ देखा।
कार्यक्रम में श्रीकृष्ण के कारागार में जन्म, आकाशवाणी, वासुदेव द्वारा उन्हें गोकुल पहुंचाना, यमुना पार करते समय शेषनाग द्वारा भगवान की रक्षा, बाल लीलाएं, माखन चोरी और गोपियों संग रासलीला के दृश्य प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा इंद्र के घमंड को चूर करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत को एक उंगली पर उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा करना, कंस के अत्याचार, कालिया नाग मर्दन तथा कंस वध आदि प्रसंगों का भी सुंदर मंचन किया गया। इस दौरान बच्चे गोकुलवासियों की भूमिका में झूमते हुए श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम ने विद्यालय में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों के साथ शिक्षक रामकेर राम, उमेश भारती, रामकिशोर राम, स्वतंत्र कुमार सिंह, मनोज कुमार कुशवाहा, विजेंद्र प्रसाद, छठ्ठू प्रसाद गुप्ता तथा रसोइया लहजू राम, सावित्री देवी, धर्मावती और मंती सहित कई अभिभावक उपस्थित थे।





Post a Comment