साधु विजयदास ने श्रीराम जानकी मंदिर नगपुर में हनुमान लला को चढ़ाया चांदी का मुकुट
•20 जून की शाम चोरी हो गया था मुकुट
•मां के हाथों भेजे गए 04 मुकुट पहले भी कर चुके हैं दान
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र की जमुई गांव निवासिनी एक श्रद्धालु महिला ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन अपने पुत्र के हाथों श्रीराम जानकी मंदिर नगपुर में हनुमान लला की प्रतिमा का मुकुट चोरी होने के उपरांत पुनः चांदी का मुकुट दान किया है। इससे मंदिर के राम, जानकी, लक्ष्मण सहित हनुमानजी की मूर्ति पर भी मुकुट चढ़ा कर शोभायमान कर दिया गया। मंदिर से जुड़े कार्यसमिति के लोंगो ने इसके प्रति मां-बेटे को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के जमुई गांव की रहने वाली वृद्ध व विधवा महिला ज्योतिया देवी पत्नी स्वर्गीय रुपा यादव ने रामजानकी मंदिर नगपुर के वर्तमान पुजारी महातम तिवारी को चांदी का मुकुट दान स्वरुप भेजवाया। यह उन्होंने श्रद्धाभाव से अपनी बचत के पैसों से बनवाया एवं अपने पुत्र साधु विजयदास के हाथों मंदिर पर दान दिलवाया। मंदिर के पुजारी ने मंदिर से जुड़े भक्तों के मध्य श्रृंगार व महाआरती के साथ श्रीराम, जानकी, लक्ष्मण सहित महावीरजी की मूर्ति को मुकुट पहनाया एवं प्रसाद वितरण कर हर्ष प्रकट किया। साथ ही दानदाता मां-बेटे के स्वस्थ्य-दीर्घायु एवं मंगलमयी भविष्य की कामना की।
बता दें कि 20 जून की शाम यह मुकुट चोरी हो गया था जिसकी एफआईआर दर्ज होने के बाद टूटे मुकुट सहित चोर गिरफ्तार हो गया था। खंडित मुकुट की जगह उन्होंने नया मुकुट दान किया। इस अवसर पर वैदिक ब्राह्मण अनिरुद्ध पांडेय, अरुण त्रिपाठी, यादवेंद्र त्रिपाठी, अखिलानंद द्विवेदी, प्रभुनाथ राम, प्रशांत कुमार आदि उपस्थित थे।


Post a Comment