खंडहर से चमकते विद्यालय तक की कहानी, प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने बदली मालव स्कूल की तस्वीर
करहां (मऊ) : सीमित संसाधनों के बीच संकल्प, मेहनत और नवाचार से ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर बदलने वाले शिक्षकों में शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना क प्राथमिक विद्यालय मालव के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार सिंह की पहचान अलग है। वर्ष 2016 में जब उन्होंने विद्यालय की कमान संभाली, तब छात्र संख्या 100 से भी कम थी। विद्यालय प्रबंध समिति और ग्रामीणों के साथ लगातार संवाद कर उन्होंने अभिभावकों का विश्वास जीता। आज विद्यालय में 282 विद्यार्थी पंजीकृत हैं और औसत उपस्थिति 80 प्रतिशत से अधिक रहती है।
विद्यालय की जर्जर स्थिति सुधारने के लिए उन्होंने अपने स्तर से करीब सात-आठ लाख रुपये खर्च कर रंगाई-पुताई, मरम्मत, क्यारियों और फर्नीचर सहित विभिन्न व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं। बच्चों के अनुशासन, ड्रेस, खेल और रचनात्मक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया। आज विद्यालय में स्मार्ट क्लास, स्मार्ट टीवी और अंतरिक्ष प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं हैं।
स्वच्छता के लिए विद्यालय को जिलाधिकारी एवं सीडीओ से दो बार सर्वोच्च सम्मान मिल चुका है। विद्यालय की तस्वीर मुख्यमंत्री के एक्स हैंडल से भी प्रसारित हो चुकी है। यही उपलब्धियां मालव विद्यालय को ग्रामीण शिक्षा में बदलाव व नवाचार की प्रेरक मिसाल बनाती हैं। अजीत एक्सप्रेस व दैनिक जागरण परिवार शिक्षक दिवस पर ऐसे अध्यापक की बेहतरीन सेवाओं को सलाम करता है।





Post a Comment