शराब बिक्री में नियमों की अनदेखी न करें दुकानदार : एसडीएम
करहां (मऊ) : शराब की दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने तहसील क्षेत्र की दुकानों का निरीक्षण किया। उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री एवं आबकारी उपनिरीक्षक बजरंगी चौरसिया ने चिरैयाकोट-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित करहां कंपोजिट अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान तथा भुजहीं की सरकारी देशी शराब की दुकान का जायजा लिया।
सायं करीब 4:30 बजे पहुंचे अधिकारियों ने स्टाक रजिस्टर, उठान रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टाक का अभिलेखों में दर्ज विवरण से मिलान किया गया। निरीक्षण के दौरान संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही शराब की बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने कहा कि शराब की बिक्री में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदार अभिलेखों को अद्यतन रखें और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें। 21 वर्ष से कम आयु के युवाओं तथा सरकारी वर्दीधारी कर्मियों को शराब की बिक्री न की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुपालन को लेकर आगे भी दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा।

Post a Comment