बदलते मौसम में सीएचसी पर बढ़ी मरीजों की भीड़
•चिकित्सक संतोष यादव के कक्ष में सबसे अधिक जुट रहे मरीज
•व्यापार मंडल करेगा डाक्टर संतोष यादव को सम्मानित
करहां (मऊ) : बदलते मौसम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। नगर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज और चिकित्सकीय परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष तक मरीजों की कतार देखी जा रही है।
सीएचसी के कमरा नंबर आठ में तैनात चिकित्सक डा. संतोष कुमार यादव के पास इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक दिखाई दे रही है। मरीजों में उनके उपचार और परामर्श के प्रति भरोसा नजर आता है, जिसके चलते उनके कक्ष के बाहर अक्सर भीड़ लगी रहती है। वहीं अन्य चिकित्सकों के कक्ष में तुलनात्मक रुप से कम मरीज पहुंच रहे हैं।
सीएचसी में सर्जन, दंत, नेत्र, बाल रोग सहित विभिन्न सेवाओं के चिकित्सक अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। अधीक्षक रामबदन के नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को सुचारु रखने पर जोर दिया जा रहा है।
गरीबों की मदद को लेकर डा. संतोष यादव होंगे सम्मानित
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डा. संतोष कुमार यादव के यहां प्रतिदिन करीब 300 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। वह चिकित्सा सेवा के साथ गरीबों की मदद और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।
गौशाला व गरीबों को वस्त्र-कंबल वितरण तथा टीबी मरीजों को गोद लेकर दवा व फल उपलब्ध कराने जैसे कार्यों को देखते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल उन्हें जल्द सम्मानित करेगा। यह जानकारी जिला उपाध्यक्ष एवं मुहम्मदाबाद गोहना अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त ने दी।



Post a Comment