जन्मदिन पर वृद्धाश्रम पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष, बुजुर्गों संग बांटी खुशियां
करहां (मऊ) : कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने बुधवार को अपना जन्मदिन मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के जमीन बरामदपुर स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच मनाया। उन्होंने बुजुर्गों के साथ केक काटा और फल, ब्रेड, दूध समेत अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
राजमंगल यादव ने कहा कि जरुरतमंदों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर खुशियां साझा करने से वास्तविक संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा व सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। कांग्रेस की विचारधारा सेवा, त्याग, सामाजिक न्याय और सद्भाव पर आधारित है तथा पार्टी हमेशा कमजोर और जरुरतमंद लोगों के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे। कार्यक्रम में ओमप्रकाश ठाकुर, वीरेंद्र तिवारी, लछिराम प्रसाद, मनोज गिहार, हफीजुर्रहमान अंसारी, शाहिद फारुकी, आकाश गिहार, अनिल कुमार, सोनू यादव, प्रधान साधू यादव, आकाश सैनी सहित अनेक लोग मौजूद थे।


Post a Comment