सड़क दुर्घटना में मृत युवक के मामा ने चालक पर दर्ज कराया केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के नसोपुर मार्ग पर मंगलवार दोपहर बाइक की टक्कर से मृत 22 वर्षीय असफर खान के मामा कमरुज्जमा ने अज्ञात आरोपित चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि उनका जैराजपुर, बिलरियागंज आजमगढ़ निवासी भांजा असफर खान घर जोगरी आ रहे थे, तभी नासोपुर में अज्ञात बाइक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भांजे की बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रुप से घायल असफर को सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मारपीट के मामले में न्यायालय के निर्देश पर 06 पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पुसड़ा सुरहुरपुर गांव निवासी मंगीता चौहान ने गांव के छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, ईंट व बांस से हमला कर घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार को 06 आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया है और जांच पड़ताल में जुट गई है।
पीड़िता के अनुसार, तीन जून 2026 की शाम बच्चों के विवाद को लेकर हरेंद्र चौहान, सूरज चौहान, किशन चौहान, गुलैची, खुशबू चौहान व शैलेंद्र उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आईं पीड़िता की जेठानी कविता व ज्ञानती देवी को भी चोटें आईं।



Post a Comment