Top News

नवसंवत्सर से पूर्व गुरादरी धाम पर चला स्वच्छता अभियान, सेवा भाव से निखरा पावन परिसर

नवसंवत्सर से पूर्व गुरादरी धाम पर चला स्वच्छता अभियान, सेवा भाव से निखरा पावन परिसर

करहां, मऊ। नवसंवत्सर के मंगल आगमन से पहले करहां स्थित गुरादरी धाम बाबा घनश्याम दास की कुटिया परिसर में सेवा, समर्पण और स्वच्छता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मठ परिसर और पावन पाताल गंगा सरोवर को सजाने-संवारने के लिए स्थानीय योगा टीम और समाजसेवियों ने बीते दो दिनों से निरंतर श्रमदान कर पूरे धाम को स्वच्छ और आकर्षक बना दिया।

भोर की ताजगी में योग और प्राणायाम से दिन की शुरुआत करने वाली यह टीम इन दिनों स्वच्छता को अपना साधना मंत्र बनाए हुए है। अपना करहां, एक कदम स्वच्छता की ओर के संकल्प के साथ चलाए जा रहे इस अभियान ने पूरे क्षेत्र में एक प्रेरक संदेश प्रसारित किया है।

अभियान के दूसरे दिन भी उत्साह और ऊर्जा में कोई कमी नहीं दिखी। सभी ने मिलकर मठ के हर कोने को साफ किया और सरोवर परिसर को भी निर्मल बनाने में जुटे रहे। इस पुनीत कार्य में नागेंद्र सिंह, अजय यादव, राजीव मौर्य, युवा समाजसेवी राहुल मौर्य, राहुल मद्धेशिया, राम प्रवेश, जनार्दन, देवा यादव, सुनील यादव, राहुल सिंह, विपिन चतुर्वेदी सहित अनेक लोगों ने सहभागिता निभाई।

स्वच्छता के इस अभियान ने यह सिद्ध कर दिया कि जब समाज एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तो किसी भी तीर्थ स्थल की गरिमा और सुंदरता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। गुरादरी धाम की यह सजी-धजी छवि नवसंवत्सर के स्वागत में एक नई आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post