Top News

आस्था और आदर के साथ नवदुर्गा का किया गया पूजन

आस्था और आदर के साथ नवदुर्गा का किया गया पूजन

करहां, मऊ। नवरात्र के पावन प्रथम दिवस पर दरौरा-करहां स्थित जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा से आलोकित हो उठा। वातावरण में गूंजती स्तुति-स्वर लहरियों के बीच छात्राओं ने जब नवदुर्गा के दिव्य स्वरूपों को साकार किया, तो मानो साक्षात शक्ति का अवतरण हो गया। उनकी सजीव झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक हरिनारायन सिंह ने छात्राओं के चरण पखारकर उन्हें आदरपूर्वक पूजित किया।

यह दृश्य केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मातृशक्ति के प्रति गहन सम्मान और कृतज्ञता का सशक्त प्रतीक बन गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने नवदुर्गा के नौ स्वरूप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री का स्मरण करते हुए कहा कि ये केवल देवी के रूप नहीं, बल्कि जीवन के आदर्श हैं। इनमें निहित है साहस, संयम, करुणा, धर्म और पराक्रम का अमूल्य संदेश, जो मानव जीवन को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि मातृशक्ति ही सृष्टि की मूलाधार है। यदि जीवन में संतुलन, उन्नति और समृद्धि की कामना है, तो शक्ति की आराधना और नारी के सम्मान को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जिस समाज में नारी का सम्मान होता है, वहीं सच्चे विकास की आधारशिला रखी जाती है।

समाज की वर्तमान परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आज भी नारी के प्रति हो रहे अन्याय और दुर्व्यवहार की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। इन्हें रोकना केवल किसी एक का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। इस प्रेरणादायी आयोजन में प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य कृपानारायण, संतोष चौहान, अजय सिंह टुनटुन, अशोक दूबे, देवदत्त कुमार, सिया सिंह, सरिता, आरती, शिवनाथ यादव और सैकड़ों विद्यार्थी श्रद्धा और उत्साह के साथ उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post