Top News

जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुआ नवदुर्गा पूजन, मातृशक्ति के सम्मान का दिया संदेश

जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुआ नवदुर्गा पूजन, मातृशक्ति के सम्मान का दिया संदेश

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के दरौरा स्थित जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल में नवरात्र के प्रथम दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय की छात्राओं ने नवदुर्गा का स्वरुप धारण कर मनोहारी झांकियों का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर प्रबंधक हरिनारायन सिंह ने छात्राओं के चरण पखारकर विधि-विधान से पूजन किया और मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

सेवानिवृत्त कृषि उपनिदेशक व प्रबंधक हरिनारायन सिंह ने कहा कि नवरात्र में पूजित नवदुर्गा के नौ स्वरुप शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री न केवल शक्ति और साहस की प्रतीक हैं, बल्कि जीवन में धर्म, संयम, करुणा और पराक्रम का भी संदेश देते हैं। बताया कि मातृशक्ति ही सृष्टि की आधारशिला है। यदि हम जीवन में उन्नति, संतुलन और समृद्धि चाहते हैं तो शक्ति की आराधना और नारी का सम्मान अनिवार्य है। जिस समाज में नारी का सम्मान होता है, वहीं सच्चे अर्थों में विकास संभव है।

प्रबंधक ने वर्तमान समय पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी समाज में नारी शक्ति की अवहेलना और उनके साथ हो रहे दुर्व्यवहार की घटनाएं चिंताजनक हैं, जिन्हें रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडेय, कृपानारायण, संतोष चौहान, अजय सिंह टुनटुन, अशोक दूबे, देवदत्त कुमार, सिया सिंह, सरिता, आरती, शिवनाथ यादव सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post