Top News

लरेवा में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीण लामबंद, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

लरेवा में प्रस्तावित शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीण लामबंद, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

करहां (मऊ) : रानीपुर विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत लरेवा में प्रस्तावित देशी शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर प्रशासन से शराब ठेका आवंटन की प्रक्रिया रद्द करने की मांग की है। उनका कहना है कि गांव के भीतर शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल प्रभावित होगा और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि जिस स्थान पर शराब की दुकान प्रस्तावित की गई है, उसके निकट प्राथमिक विद्यालय स्थित है। विद्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग भी इसी स्थान से होकर गुजरता है, जिससे छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन वहां से आना-जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी स्थिति में शराब की दुकान खुलना बच्चों के भविष्य और उनके नैतिक वातावरण के लिए उचित नहीं होगा।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जहां एक ओर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर आबादी वाले क्षेत्रों में शराब की दुकानों का आवंटन कर रही है। उनका मानना है कि इससे महिलाओं और युवतियों को असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है तथा क्षेत्र में अव्यवस्था बढ़ने की आशंका है।

ग्राम सभा लरेवा के निवासियों ने 4 जून 2026 को प्रकाशित शराब दुकान आवंटन संबंधी विज्ञप्ति को निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन सहित व्यापक जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। अब ग्रामीणों की इस मांग पर प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post