भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं : सचिंद्र सिंह
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। स्थानीय विधानसभा अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी करहा मंडल की मासिक बैठक रविवार को दतौली गांव स्थित शक्ति केंद्र संयोजक अविनाश सिंह के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री सचिंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता से निरंतर संवाद ही भाजपा की सफलता का आधार है।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी एवं तत्परता के साथ निर्वहन करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशीष चौधरी, मंडल महामंत्री रितिक सिंह, अंकित सरोज, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत तिवारी, प्रांतीय परिषद सदस्य इंद्रपाल राम, प्रभाकर राय, सरोज पांडेय, चंद्रभान सिंह, सौरभ तिवारी समेत मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी, बूथ अध्यक्ष तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रकांत तिवारी ने किया।

Post a Comment