Top News

तमसा के जर्ज़र पुल को भारी वाहनों से बचाने हेतु रौज़ा मखदूम पर बनेगा बैरियर

तमसा के जर्ज़र पुल को भारी वाहनों से बचाने हेतु रौज़ा मखदूम पर बनेगा बैरियर

•पहले कैलेंडर पर बनना हुआ था प्रस्तावित

•कुछ लोगों ने चुंगी पर लगाने हेतु की है मांग

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। घोसी-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग पर तमसा नदी स्थित जर्जर पुल की सुरक्षा को लेकर शासन द्वारा प्रस्तावित बैरिकेडिंग व्यवस्था पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने अपनी राय प्रशासन के समक्ष रखी। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री, नायब तहसीलदार गौरव शाह एवं कोतवाली प्रभारी कमलकांत वर्मा से वार्ता कर मांग की कि बैरिकेडिंग नगर क्षेत्र में नहीं, बल्कि सीधे जर्जर पुल के समीप की जाए ताकि नगर के भीतर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। सबकी बातें सुनने के बाद अंततः रौजा मखदूम पर बैरियर लगाने पर प्रशासन तैयार हो गया। हालांकि इससे खैराबाद-मुबारकपुर रोड के व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने कहा कि शासन से उनकी मांग है कि यदि पुल की सुरक्षा के लिए आवागमन नियंत्रित करना आवश्यक है तो बैरिकेडिंग पुल के पास की जाए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के कैलेंडर या रौजा मखदूम पर बैरियर लगाए जाने से खैराबाद व मुबारकपुर रोड के व्यापारी प्रभावित होंगे और उन लोगों के यहां व्यापारिक व फायर बिग्रेड वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि बैरियर लगाया जाना आवश्यक हो तो उसे नगर की चुंगी के पास स्थापित किया जाए, जिससे नगर के भीतर यातायात सुचारु बना रहे।

इस दौरान भाजपा वरिष्ठ नेता छोटू प्रसाद, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह सूरज सिंह, सभासद नंदू सोनकर, समाजसेवी सैफ खां, बनवारी सोनकर सहित अनेक नगरवासी व व्यापारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित स्थान पर बैरिकेडिंग कराने की मांग की थी परंतु अंततः कैलेंडर व चुंगी के बीच रौज़ा मखदूम पर लगाना प्रशासन ने तय किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post