12 जुलाई के पौधरोपण अभियान के लिए नर्सरियों से पौधों का वितरण शुरु
करहां (मऊ) : विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना में 12 जुलाई को होने वाले वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों के तहत बुधवार से नर्सरियों से पौधों का वितरण शुरु हो गया। पहले दिन निर्धारित रोस्टर के अनुसार करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों को पौधे उपलब्ध कराए गए। 11 जुलाई तक सभी 83 ग्राम पंचायतों में पौधों की आपूर्ति पूरी कर ली जाएगी।
नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में आधार सत्यापन के बाद ग्राम पंचायत सचिवों एवं संबंधित प्रतिनिधियों को करजौली, महताबपुर, भुजहीं, बरहदपुर और मुहम्मदाबाद गोहना की नर्सरियों से नीम, पीपल, बरगद, शीशम, सागौन, आंवला, आम, जामुन, अमरुद, गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए।
खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में 1712 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय ने कहा कि 8 से 11 जुलाई तक चरणबद्ध ढंग से पौधों का उठान कराया जा रहा है, ताकि 12 जुलाई को सभी 83 ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाया जा सके।


Post a Comment