पूर्व विधायक के बयान पर भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध, माफ़ीनामे की उठाई मांग
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना नगर के शहीद चौराहे पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक श्रीराम सोनकर के कथित बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं के संबंध में की गई टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रदर्शन में वरिष्ठ भाजपा नेता छोटू प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान, मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, ठाकुर प्रसाद सिंह, अनमोल साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठन में सभी का समान सम्मान है। उनका कहना था कि चुनाव के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पूर्व विधायक का साथ दिया, लेकिन कार्यकर्ताओं के सम्मान पर किसी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक से सार्वजनिक रुप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। उधर, पूर्व विधायक श्रीराम सोनकर ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भाजपा का वास्तविक कार्यकर्ता मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता इस तरह सार्वजनिक रुप से विरोध प्रदर्शन नहीं करता। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय भाजपा संगठन में सियासी हलचल तेज हो गई है और कार्यकर्ताओं के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा का दौर जारी है।


Post a Comment