दाउदपुर में 12 स्वयं सहायता समूहों का गठन, महिलाओं ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
करहां (मऊ) : विकासखंड मुहम्मदाबाद गोहना की ग्राम पंचायत दाउदपुर में बुधवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विशेष सदस्यता अभियान चलाकर 12 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया। सुबह से शाम तक चले अभियान में बड़ी संख्या में अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक महिलाओं ने आवश्यक अभिलेखों के साथ समूहों की सदस्यता ग्रहण की।
ब्लाक मिशन प्रबंधक संजय सिंह ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से मिलने वाले लाभ, सरकारी योजनाओं, बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विकासखंड की सभी 83 ग्राम पंचायतों में समूह गठन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है, जिसमें ग्राम पंचायत सचिव, एनआरएलएम टीम, समूह सखी, पंचायत सहायक और ग्राम प्रधान सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। इस दौरान महिलाओं ने उत्साह के साथ आवेदन जमा कर समूहों से जुड़ने की प्रक्रिया पूरी की।

Post a Comment