33 केवी विद्युत सुदृढ़ीकरण का कार्य जारी, नए खंभे लगने से बिजली आपूर्ति होगी बेहतर
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनाने के लिए मुहम्मदाबाद गोहना से सुरहुरपुर होते हुए जमुई-करहां विद्युत उपकेंद्र 33/11 तक 33 केवी विद्युत लाइन के सुदृढ़ीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। परियोजना के तहत पुराने एवं जर्जर पोलों के स्थान पर नए विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। अब तक करीब 10 पोल स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष पोल लगाने का कार्य भी तेजी से जारी है।
कार्यस्थल पर अवर अभियंता छोटेलाल की देखरेख में विभागीय टीम लगातार जुटी हुई है। इस दौरान शशि यादव, रामलाल मौर्य, अब्दुल कादिर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग का उद्देश्य लाइन को अधिक मजबूत बनाकर तकनीकी बाधाओं को कम करना और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लाइन सुदृढ़ होने से फ़ाल्ट की घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर एवं सुचारु हो सकेगी।


Post a Comment