स्कूल चलो अभियान रैली को एसडीएम ने दिखाई हरी झंडी, शिक्षा के प्रति किया जागरुक
करहां (मऊ) : परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने और शिक्षा के प्रति जनजागरुकता फैलाने के उद्देश्य से बुधवार को मुहम्मदाबाद गोहना नगर स्थित बीआरसी परिसर से स्कूल चलो अभियान के तहत जागरुकता रैली निकाली गई। रैली को उप जिलाधिकारी अर्चना अग्रिहोत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने किया।
रैली बीआरसी से प्रारंभ होकर विजय स्तंभ चौक, स्टेशन रोड, शहीद चौक एवं रोडवेज होते हुए पुनः बीआरसी परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने हाथों में जागरुकता संबंधी तख्तियां लेकर शिक्षा का संदेश दिया तथा पूरे सुव्यवस्थित गणवेश में बैंड की धुन व उत्साह के साथ नारे लगाए।
बच्चे पूरे रास्ते 'आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरुर जाएंगे', 'हर घर का यही अरमान, पढ़े-लिखे अपना हिंदुस्तान', 'बेटी-बेटा एक समान, सबको शिक्षा सबका सम्मान', 'चलो-चलो स्कूल चलें, ज्ञान का दीपक मिलकर जलें' जैसे प्रेरणादायी नारे लगाते रहे। रैली को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी और नागरिकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
उप जिलाधिकारी अर्चना अग्रिहोत्री ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। समाज का प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रुप से विद्यालय भेजे, तभी शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव होगा। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी शिक्षक घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराएं तथा उन्हें नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें।
रैली के समापन पर बीआरसी परिसर में सभी बच्चों एवं शिक्षकों को जलपान कराया गया। इस अवसर पर बीआरसी स्थित विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, अनिल कुमार, पूर्व अध्यक्ष शशिभूषण राय, धनंजय सिंह, स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, पवन कुमार गुप्ता, अरविंद कुमार, राकेश यादव, ओमप्रकाश ओझा, प्रतिमा राय, विमल सिंह, सीमा सिंह, मंजू चौरसिया, प्रेमशंकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





Post a Comment