सावन के पहले दिन शमशाबाद से गुरादरी निकलेगी जल-कलश यात्रा
करहां (मऊ) : सावन के पावन महीने के आगमन के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरु हो जाएगा। इसी क्रम में 30 जुलाई को श्रावण मास के प्रथम दिन कोठिया शमशाबाद स्थित शिव मंदिर से भव्य जल-कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर की पुजारिन कुंता सरोज के नेतृत्व में स्त्री-पुरुष शिवभक्त ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच शमशाबाद से करहां बाजार होते हुए गुरादरी धाम पहुंचेंगे। वहां बाबा घनश्याम साहब का दर्शन-पूजन करने के बाद श्रद्धालु पाताल गंगा सरोवर से पवित्र जल लेकर वापस लौटेंगे और शमशाबाद स्थित शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है, लेकिन यात्रा मार्ग की बदहाल स्थिति ने आयोजकों और भक्तों की चिंता बढ़ा दी है। शमशाबाद से गुरादरी धाम तक जाने वाले रास्ते में कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त है, जबकि जगह-जगह जलभराव के कारण आवागमन में परेशानी हो रही है। करहां बाजार स्थित मछली मंडी के आसपास फैली दुर्गंध भी शिवभक्तों के लिए असुविधा का कारण बन सकती है।
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से कांवड़ यात्रा से पहले मार्ग की मरम्मत, जलभराव की समस्या दूर कराने तथा मछली मंडी क्षेत्र में साफ-सफाई और दुर्गंध से निजात दिलाने की मांग की है। मांग करने वालों में पुजारिन कुंता सरोज के अलावा दिनेश सरोज, मुकेश कुमार, रामनरायन गुप्ता, सूरज कुमार, सुभाष, रामनाथ, सुरेश सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।

Post a Comment