प्रधानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को सम्मानित कर उठाया अधिकारियों की मनमानी का मुद्दा
करहां (मऊ) : जिला पंचायत सभागार में प्रधान संगठन की बैठक जिलाध्यक्ष अजय जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में ग्राम प्रधानों के प्रशासक बनाए जाने के बाद अधिकारियों और संबंधित सचिवों द्वारा कथित रुप से की जा रही मनमानी पर प्रधानों ने नाराजगी जताई। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय को प्रशासक बनाए जाने पर प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने उनका माल्यार्पण कर सम्मान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने प्रधानों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक बनाए जाने का प्रदेश सरकार का निर्णय ऐतिहासिक है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए प्रधानों के हर संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया।
संगठन के प्रदेश प्रभारी रविंद्र राय ने कहा कि प्रधान संगठन के संघर्ष का ही परिणाम है कि तीनों स्तर की पंचायतों के अध्यक्षों को प्रशासक बनाया गया। बैठक में संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए मधुबन के प्रधान शुभम तिवारी को जिला उपाध्यक्ष तथा कोपागंज-इंदारा के प्रधान जुबेर अहमद को जिला सचिव का दायित्व सौंपा गया। बैठक का संचालन जिला प्रभारी काशीनाथ यादव और जिला महासचिव रमेश यादव ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अमित कनौजिया, जिला महासचिव दिनेश मिश्र बीनू, मंडल उपाध्यक्ष राजकोमल राजभर, प्रमुख महासचिव बृजेश सिंह, बृजराज निषाद, ब्लाक अध्यक्ष साहब सिंह, डब्लू राजभर, अभिनाथ यादव, कमलेश यादव और पारसनाथ यादव सहित अनेक प्रधान व पदाधिकारी मौजूद थे।



Post a Comment