गुरादरी पर उमड़ेगा आस्था का रेला, गुरुपूजन सहित भंडारे का होगा आयोजन
करहां (मऊ) : गुरु शिष्य परंपरा के प्रतिष्ठित स्थान मठ गुरादरी धाम पर गुरुपूर्णिमा के दिन आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। भोर से लेकर शाम तक आने वाले क्षेत्रीय व दूर-दराज के श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र पाताल गंगा सरोवर में पुण्य स्नान कर मठ में स्थित छः समाधियों का दर्शन किया जाएगा। मठ के वर्तमान उत्तराधिकारी व महंथ भगवान दासजी महाराज मानस धुरंधर का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद ग्रहण किया जाएगा। साथ ही भक्तों के लिए स्थानीय बाजार के फल व्यवसायी अनिल चौरसिया द्वारा मठ में महाभण्डारे का आयोजन किया जाएगा।
हर वर्ष गुरु शिष्यों की इस सतनामी संत परंपरा वाले धाम पर शिष्यों का जमावड़ा लगता है। गुरादरी का अर्थ ही होता है गुरु का आदर करने वाला स्थान। लोग परंपरा से यहां के पहले महंत व प्रसिद्ध संत बाबा घनश्याम दास का पूजन करते हैं। साथ ही पदारथ दास, प्रहलाद दास, महाबल दास, सत्यनारानायन दास व पूर्ववर्ती महंत व विद्वान संत जगन्नाथ दास की समाधियों पर मत्था टेकते हैं। मठ पर आकर इस परंपरा के शिष्यों एवं गृहस्थों द्वारा वर्तमान महंथ का गुरुपूजन किया जाता है। मठ पर करहां बाजार के प्रख्यात फल व्यवसायी अनिल चौरसिया द्वारा सहयोगियों संग मिलकर भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें सुबह से लेकर शाम तक भक्तों को हलुवा प्रसाद व भोजन प्रसाद ग्रहण कराया जाता है।

Post a Comment