Top News

एसआरजी ने किया प्राथमिक विद्यालय वलीदपुर का शैक्षिक पर्यवेक्षण, निपुण प्लस एप पर बच्चों का हुआ आकलन

एसआरजी ने किया प्राथमिक विद्यालय वलीदपुर का शैक्षिक पर्यवेक्षण, निपुण प्लस एप पर बच्चों का हुआ आकलन

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय वलीदपुर का मंगलवार को राज्य संदर्भ समूह एसआरजी के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने शैक्षिक भ्रमण एवं पर्यवेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के कायाकल्प के मानकों, शैक्षिक वातावरण तथा विद्यार्थियों की सीखने की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय का परिसर स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं एक आदर्श विद्यालय की छवि प्रस्तुत करता मिला। निपुण भारत मिशन के तहत एसआरजी ने कक्षा एक के विद्यार्थियों का निपुण प्लस एप के माध्यम से अधिगम स्तर का आकलन किया, जिसमें छात्र-छात्राएं प्रियांशी, जाह्नवी, कृष्णा, सौरभ एवं रिया निर्धारित दक्षताओं में सक्षम पाए गए।

बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रसन्न होकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनञ्जय कुमार ने एसआरजी संजय कुमार तिवारी के हाथों इन विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एसआरजी ने कक्षा अध्यापिका वंदना यादव के शैक्षणिक प्रयासों एवं विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा की।

पर्यवेक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 212 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 164 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो 77 प्रतिशत से अधिक रही। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक धनञ्जय कुमार, शिक्षक प्रविन्द्र कुमार राय, विपिन यादव सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post