बेसमेंट में संचालित कैफे पर नगर पंचायत की कार्रवाई, प्रतिष्ठान सील
करहां (मऊ) : भवन एवं अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के एक बेसमेंट में संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठान के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। कैलेंडर तिराहे के समीप संचालित देवराज कैफे को नगर पंचायत की टीम ने एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री की मौजूदगी में सील कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार बेसमेंट में कैफे संचालन की शिकायत पर जांच के बाद संचालक को कई बार नोटिस देकर गतिविधियां बंद करने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद संचालन जारी रहने पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों व दुकानदारों की भीड़ जुट गई।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्रा और फायर सर्विस अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भवन एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। अधिकारियों ने कहा कि नगर क्षेत्र में नियमों के विपरीत संचालित अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुधांशु शेखर, सीओ जितेंद्र सिंह, कोतवाल कमलकांत वर्मा, फायर सर्विस व राजस्व टीम के अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस बल मौजूद थे।


Post a Comment