Top News

देवरानी-जेठानी पोखरे पर पहलवानों ने दिखाया दमखम, 50 से अधिक जोड़ियों में भिड़ंत

 

देवरानी-जेठानी पोखरे पर पहलवानों ने दिखाया दमखम, 50 से अधिक जोड़ियों में भिड़ंत


कुश्ती के अखाड़े में महिला पहलवानों ने भी बिखेरा जलवा, मुस्कान गुप्ता ने प्रतिद्वंद्वी को चित कर बटोरी वाहवाही


करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मोहल्ला जमालपुर स्थित देवरानी-जेठानी पोखरे का तट रविवार को पहलवानों के दमखम, दांव-पेच और रोमांचक मुकाबलों का गवाह बना। विशाल मेले के अवसर पर आयोजित पूर्वांचल स्तरीय कुश्ती दंगल में 50 से अधिक जोड़ियों ने अखाड़े में उतरकर अपनी ताकत और कुशलता का प्रदर्शन किया। कई मुकाबलों में पहलवानों के बीच देर तक जोर-आजमाइश हुई, जबकि अधिकांश कुश्तियां बराबरी पर छूटीं।

दंगल का उद्घाटन प्रसिद्ध सर्जन डॉ. प्रवीण मद्धेशिया, नेत्र सर्जन डॉ. पवन मद्धेशिया और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक डायमंड ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। आयोजकों ने सुभाष यादव, प्रदीप मद्धेशिया, प्रदीप जायसवाल और संजय चौहान के नेतृत्व में पहलवानों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। चंदौली के शमशेर और बलिया के राहुल यादव के बीच हुई कुर्सी कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

महिला पहलवानों की कुश्तियों ने भी दर्शकों में खास उत्साह भर दिया। कानपुर की मुस्कान गुप्ता और मध्य प्रदेश के सतना निवासी राजू के बीच हुए मुकाबले में मुस्कान ने शानदार दांव लगाकर प्रतिद्वंद्वी को पटखनी दी। उनकी जीत पर दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया और हजारों रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। अन्य मुकाबलों में सुनीता यादव बरपुर बनाम अभय मुहम्मदाबाद, हरिओम पाल कोइरियापार बनाम अवनीश यादव पलिया, लकी यादव आरीपुर बनाम साहिल मुबारकपुर, मिथिलेश मुहम्मदाबाद बनाम अंकित आजमगढ़, अभय मुहम्मदाबाद गोहना बनाम विकास मऊ, रानी यादव नदवासराय बनाम आदित्य मऊ तथा सौरभ बरपुर बनाम अदनान के बीच जोरदार टक्कर हुई।

इसी क्रम में धीरज महाराजपुर बनाम पीयूष यादव बरपुर, विकल यादव मऊ बनाम आशीष यादव मुहम्मदाबाद गोहना, पिंटू मुहम्मदाबाद गोहना बनाम परमजीत उस्मानपुर, प्रीतम सरवा बनाम सर्वेश बलिया, जसवंत यादव सईदशाह बनारस बनाम फातिमा खातून गाजीपुर और ओमप्रकाश अलाया बनाम अमन सरवा के मुकाबलों ने भी खूब रोमांच पैदा किया। मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे।कोतवाल सहित पुलिसकर्मी पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post