सुरहुरपुर के मेले में उमड़ी भीड़, मां दुर्गा के दरबार में टेका मत्था
करहां (मऊ) : करहां-मुहम्मदाबाद गोहना मार्ग स्थित सुरहुरपुर में शनिवार को आयोजित मेले में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। शुक्रवार को रावण वध की लीला संपन्न होने के बाद लगे मेले में सुबह से ही आसपास के गांवों से लोगों के पहुंचने का क्रम शुरु हो गया। दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ बढ़ती गई और देर शाम तक मेला परिसर में रौनक बनी रही।
मेले में आए श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के पंडाल में दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने मेले में घूमकर उत्सवी माहौल का आनंद लिया। श्रद्धालुओं की आवाजाही और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे। मेले के आसपास निगरानी के साथ सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया।


Post a Comment